
* पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुर की घटना
* एक मामले में पंचम यादव को गिरफ्तार करने पर भड़क उठे ग्रामीण
* देर रात पुलिस ने कार्रवाई कर लूटी गई बंदूकें बरामद की
* दुस्साहसिक घटना के बाद दहशत में आई पुलिस, छावनी में तब्दील रहा बृजपुर थाना
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में बुधवार देर शाम पुलिस टीम पर 50 से अधिक लोगों की भीड़ ने प्राणघातक हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिस जवानों से दो बंदूकें भी छीन लीं। घटना में गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह भदौरिया और आरक्षक रामनिरंजन का उपचार सतना के निजी हॉस्पिटल में जारी है। पुलिस टीम को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने की अप्रत्याशित घटना बृजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुर की है। भीड़ के हमले से दहशत में आए पुलिसकर्मी किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलने पर पन्ना से पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू भारी पुलिस बल के साथ बृजपुर पहुंचीं। देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूटी गई राइफलों को बरामद कर लिया है।

प्राप्र्त जानकारी अनुसार, बुधवार 22 अक्टूबर को बृजपुर थाना पुलिस बल गैर इरादतन हत्या के एक मामले में आरोपी पंचम सिंह यादव पुत्र शिव सिंह यादव को गिरफ्तार करने धरमपुर ग्राम गई थी। कथित तौर पर आरोपी एवं उसके परिजनों ने पुलिस हो हड़काते हुए भगा दिया। इसके बाद थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह भदौरिया दल-बल के साथ देर शाम धरमपुर पहुंचे। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस जब बृजपुर के लिए रवाना होने लगी तो अचानक ग्रामीणों ने घेरकर पथराव कर दिया। हिंसक भीड़ ने ने पुलिसवालों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पथराव और लाठी-डंडों के प्राणघातक हमले से सशस्त्र पुलिस जवान दहशत में आ गए। मौके से जान बचाकर भागने के दौरान ग्रामीणों उनसे दो राइफल छीन लीं। इस घटना में थाना प्रभारी बृजपुर महेन्द्र सिंह भदौरिया और आरक्षक रामनिरंजन को गंभीर चोटें आई हैं।

