दर्दनाक हादसा | ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चालक समेत 2 की मौत, आधा दर्जन से अधिक मजदूर घायल

0
374
पन्ना के समीप अमानगंज घाटी में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे चालक को निकालने का प्रयास करते लोग।

*     पन्ना-अमानगंज मार्ग पर पन्ना के समीप हुई भीषण सड़क दुर्घटना

*     गंभीर रूप से घायल मजदूरों का इलाज पन्ना जिला चिकित्सालय में जारी

*     मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोकाकुल परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना

पन्ना। (www.radarnews.in) जिला मुख्यालय के नजदीक पन्ना-अमानगंज मार्ग पर 18-19 जून की दरम्यानी रात मझपहरा घाटी (अमानगंज घाटी) में ईंटों से लोड एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक आई तकनीकी खराबी के चलते अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को पन्ना जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सूबे के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सड़क दुर्घटना में श्रमिकों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जताई है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक घायल मजदूरों का पन्ना में जारी है इलाज।
पड़ोसी जिला छतरपुर की नौगांव तहसील अन्तर्गत बिलहरी ग्राम के निवासी तकरीबन दर्जन भर श्रमिक पन्ना जिले के पवई क्षेत्र में मजदूरी करते थे। काम समाप्त होने पर सभी मजदूर वापस अपने घर जाने के लिए रात्रि के समय ईंटों से लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर पन्ना आ रहे थे। रास्ते में अमानगंज घाटी पर अचानक ट्रैक्टर के ब्रेक और स्टेयरिंग फेल होने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में धर्मा सोनकर 36 वर्ष और अंकित खटीक 30 वर्ष दोनों निवासी ग्राम बिलहरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि प्रतीक्षा सोनकर, मूलचंद सोनकर, ईशा सोनकर, मिथलेश सोनकर, रणवीर सोनकर एवं अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे के बाद मौके पर मातमी चींख-पुकार का माहौल रहा। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस के द्वारा घायलों को एम्बुलेंस से पन्ना लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को क्रेन की मदद से बाहर निकलवाने के बाद दोनों मृतकों के शवों को देर रात पन्ना लाकर मोर्चरी में रखवाया गया। बुधवार की सुबह पोस्टमार्टम होने पर शव परिजनों को सौंप दिए। इस हादसे पर पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम किया है।