रेलवे स्टेशन से हुई 15 लाख की चोरी का खुलासा, इलेक्ट्रिकल इंजीनियर निकला मास्टरमाइंड

0
425
रेल लाइन ठेका कंपनी के चोरी गए सामान को जब्त करने के साथ देवेंद्रनगर थाना प्रभारी ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

*     नागौद-खजुराहो रेल खंड प्रोजेक्ट अंतर्गत देवेंद्रनगर के फुलवारी से हुई थी बड़ी चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन अंतर्गत नागौद-खजुराहो रेल खंड पर पन्ना जिले के देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र में फुलवारी ग्राम स्थित रेलवे स्टेशन भवन से लाखों रुपये के इलेक्ट्रिकल सामान की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज चोरी का हैरान करने वाला पहलू यह है कि, वारदात का मास्टरमाइंड कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि प्रोजेक्ट में कार्यरत इलेक्ट्रिकल इंजीनियर ही निकला। थाना प्रभारी देवेंद्रनगर उप निरीक्षक संतोष यादव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान, घटना में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन जब्त किया है। कुल जब्त सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

स्टोर रूम से उड़ाया था लाखों का सामान

पुलिस के अनुसार, के-3 कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा नागौद से खजुराहो तक रेलवे लाइन निर्माण का कार्य किया जा रहा है। ग्राम फुलवारी स्थित रेलवे स्टेशन भवन के एक हाल में कंपनी का स्टोर रूम बनाया गया था, जहां लगभग 30 लाख रुपये का इलेक्ट्रिकल सामान रखा हुआ था। फरियादी रामप्रसाद शर्मा ने बताया कि 31 दिसंबर को वह अपने गृह ग्राम गया हुआ था। 21 जनवरी को वापस लौटने पर जब स्टोर रूम का निरीक्षण किया गया, तो वहां से केबल, वायर, पीवीसी पाइप व अन्य इलेक्ट्रिकल सामग्री गायब मिली। चोरी गए सामान की कीमत करीब 15,17,808 आंकी गई। मामले में देवेंद्रनगर थाना में अपराध क्रमांक 57/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

इंजीनियर ने ही रची थी चोरी की साजिश

जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर प्रोजेक्ट में कार्यरत इलेक्ट्रिकल इंजीनियर अंकित माथुर पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने चोरी की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी अंकित माथुर, पिता दिनेश माथुर, उम्र 35 वर्ष, निवासी 32 लीलाधर कॉलोनी, भानपुर, थाना छोलामंदिर, जिला भोपाल (म.प्र.) ने पुलिस को बताया कि चोरी किया गया इलेक्ट्रिकल सामान उसने नागौद निवासी व्यापारी को बेच दिया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी राकेश गर्ग, पिता रामकरण गर्ग, उम्र 39 वर्ष, निवासी हरदुआ मोहल्ला, थाना नागौद, जिला सतना (म.प्र.) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके गोदाम से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया।

20 लाख का मशरूका जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया इलेक्ट्रिकल सामान जिसकी कीमत करीब 15,17,808 है, बरामद किया है। इसमें 4 ड्रम केबल पीवीसी SQM, 25 एमएम पीवीसी पाइप, पीवीसी बेंड, जंक्शन बॉक्स और विभिन्न साइज के इलेक्ट्रिकल वायर शामिल हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एक छोटा हाथी पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन  भी जब्त किया गया है। कुल जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख बताई गई है।