सनसनीख़ेज वारदात | महिला चिकित्सक को बेडरूम में बंधक बनाकर नोटों से भरे दो बैग और गहने लूट ले गए बदमाश

0
1404
पन्ना की महिला चिकित्सक मीना नामदेव के घर में अज्ञात नकबपोश बदमाशों के द्वारा की गई लूटपाट के चलते टूटी पड़ी अलमारी और फर्श पर बिखरा सामान।

*     पन्ना में लूट की बड़ी वारदात सामने आने के बाद फैली सनसनी

*     खिड़की की ग्रिल काटकर घर के अंदर घुसे थे अज्ञात बदमाश

*     वारदात के समय घर के अंदर अकेलीं थी महिला चिकित्सक

*     पन्ना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर जनमानस में आक्रोश

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिला मुख्यालय में शुक्रवार की देर रात एक महिला चिकित्सक के घर पर अज्ञात बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। घर पर अकेली महिला चिकित्सक को बंधक बनाकर तीन शातिर बदमाश नोटों से भरे दो बैग, गहने और मोबाइल फोन लूट ले गए। आज सुबह जब लोगों को इस वारदात का पता चला तो नगर में सनसनी फ़ैल गई। देखते ही देखते महिला चिकित्सक के नजरबाग मैदान के समीप स्थित घर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए घटनास्थल के सामने स्थित एक होटल के सीसीटीव्ही कैमरे के कुछ फुटेज अपने कब्जे में लिए हैं। होटल के कैमरों में अज्ञात संदिग्ध बदमाशों के कैद होने की बात कही जा रही है।
प्राप्त जानकारी अनुसार, पन्ना जिला चिकित्सालय में पदस्थ प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मीना नामदेव शुक्रवार 6 मई 2022 की रात्रि में अपने बेडरूम में सो रहीं थी। देर रात करीब 2 बजे अचानक जब उनकी नींद खुली तो अपने कमरे में तीन अज्ञात नकाबपोश व्यक्तियों को देखकर वे दंग रह गईं। शोर मचाने पर बदमाशों ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और हाथ से गर्दन दबाते हुए चींखने-चिल्लाने पर जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में एक बदमाश ने अपने हाथों से डॉ. मीना नामदेव का मुंह व आँखें जोर से बंद कर दी। इस बीच लगभग एक घण्टे तक शातिर बदमाश घर में रखीं गोदरेज अलमारियों के लॉक तोड़कर अंदर रखे सामान और कमरों को खंगालते रहे। महिला चिकित्सक जिस बेड पर सो रहीं थी उसके चादर-गद्दे हटाकर तालशी ली गई। तड़के करीब 3 बजे अज्ञात नकाबपोश बदमाश डॉ. मीना नामदेव के गले से सोने की चेन व मोबाइल फोन छीनने के बाद उन्हें बेडरूम में ही बंद करके मौके से भाग निकले।
प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मीना नामदेव।
महिला चिकित्सक किसी तरह बेडरूम से बाहर निकलकर अपने मकान की पहली मंजिल में पहुंचीं और अपने किरायेदार को नींद से जगाकर उसे आपबीती सुनाई। स्टेट बैंक में पदस्थ किरायेदार के ही मोबाइल फोन से उनके द्वारा डायल-100 पर पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जिसके चंद मिनिट बाद ही पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। डॉ. मीना नामदेव ने मीडियाकर्मियों को बताया कि उनकी गोदरेज अलमारी में रखे नोटों से भरे दो बैग गायब हैं। दोनों बैग में कुल कितने रुपए थे ? इस सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि, दोनों बैग में बड़ी धनराशि रखी थी लेकिन कुल कितने रुपए थे इसकी मुझे जानकारी नहीं है। उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मीना नामदेव हॉस्पिटल की ड्यूटी के पहले और बाद में प्रतिदिन अपने घर पर मरीज देखतीं थी। प्राइवेट प्रैक्टिस में मरीजों से मिलने वाली राशि को बैंक में जमा न कर वे अपने घर में ही दो बड़े बैग में भरकर रखतीं थी। महिला चिकित्सक ने बताया, अज्ञात बदमाश उनके हैण्डबैग में रखे रुपए भी निकाल ले गए। उधर, अज्ञात नकाबपोश बदमाशों के द्वारा लूटी गई राशि के लाखों में होने की चर्चाएं आम है।

बुलेट छोड़कर भाग निकले शातिर बदमाश

डॉ. मीना नामदेव के मकान के आगे वाले कमरे की खिड़की में लगी ग्रिल टूटी पाई गई है। जिससे यह माना जा रहा है कि, तीनों अज्ञात बदमाश टूटी हुई खिड़की से ही मकान के अंदर दाखिल हुए थे। लूटपाट करने के बाद शातिर बदमाश मकान के बाहर खड़ी उनके किरायेदार की बुलेट मोटरसाइकिल को भी अपने साथ ले गए थे। लेकिन बुलेट को उसे स्टार्ट कर पाने में असफल रहने के कारण अज्ञात बदमाश उसे घटनास्थल से ही कुछ दूरी पर मुख्य सड़क किनारे खड़ी कर फरार हो गए। बता दें कि महिला चिकित्सक पिछले कुछ माह से अकेली रह रहीं है उनकी इकलौती बेटी अपनी पढ़ाई के सिलसिले में पन्ना से बाहर है। अपने साथ घटित घटना के बाद से महिला चिकित्सक बेहद डरी-सहमीं हुई है। अपना जीवन सुरक्षित होने होने के लिए वे ईश्वर को धन्यवाद दे रहीं लेकिन मेहनत से कमाई गई बड़ी राशि लुटने से काफी चिंतित और परेशान हैं।

बदमाशों का सुराग लगाने में जुटी पुलिस

पन्ना की वरिष्ठ महिला चिकित्सक मीना नामदेव का नजरबाग मैदान के समीप स्थित घर।
लूट की सनसनीखेज घटना को चुनौती के रूप में लेते हुए पन्ना पुलिस सरगर्मी से अज्ञात शातिर नकाबपोश बदमाशों का सुराग लगाने में जुटी है। वहीं महिला चिकित्सक के घर में काम करने वालों एवं अक्सर आने जाने वालों से सघन पूंछतांछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल के सामने स्थित एक होटल के सीसीटीव्ही कैमरे के कुछ फुटेज अपने कब्जे में लिए हैं। होटल के कैमरों में अज्ञात संदिग्ध बदमाशों के कैद होने की बात कही जा रही है। सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर भी पुलिस संदिग्धों की पहचान कर उनकी धरपकड़ में जुटी है। लूटपाट की घटना के संबंध पुलिस का पक्ष जानने एवं दर्ज किए गए प्रकरण के संबंध आधिकारिक तौर पर जानकारी प्राप्त करने के लिए पन्ना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना और कोतवाली थाना टीआई अरुण सोनी से संपर्क करने प्रयास किया गया लेकिन उनके मोबाइल फोन रिसीव न होने के कारण बात नहीं हो सकी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here