रिश्तों का खून: सास ने बहू की ली जान, अंधे हत्याकांड का खुलासा करने का पुलिस का दावा

0
186
मोहन्द्रा चौकी पुलिस ने नीता साहू के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने का दावा करते हुए हत्या के आरोप में उसकी सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

*    आपसी विवाद में वारदात, आरोपी सास गिरफ्तार; कुदाली और खून से सनी साड़ी जब्त

*    पुलिस के खुलासे को संदेह की नजर से देख रहे क्षेत्रवासी

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के सिमरिया थाना अंतर्गत मोहन्द्रा चौकी क्षेत्र में हुए गर्भवती महिला के अंधे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में मृतका की सास को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार 14 मार्च 2026 को ग्राम पड़वार निवासी शिक्षक दयाराम साहू ने सूचना दी थी कि उसकी पत्नी नीता साहू घर के कमरे में अचेत अवस्था में पड़ी है, जिसके सिर, माथे और होंठ पर गंभीर चोट के निशान थे। मृतका नीता सात माह की गर्भवती थी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला मृत पाई गई। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा एफएसएल टीम व डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि चौकी प्रभारी मोहन्द्रा उनि दीपक सिंह भदौरिया के नेतृत्व में गठित टीम ने संदेह के आधार पर मृतका की सास को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने आपसी कहासुनी के दौरान विवाद बढ़ने पर कुदाली से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया, ऐसा पुलिस का दावा है। नीता की नृशंस हत्या से उसके गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित कुदाली और घटना के समय पहनी गई साड़ी जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है और मामले की आगे की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
बता दें कि क्षेत्र में कई ऐसे लोग हैं जो पुलिस की कहानी (खुलासे) पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। दरअसल लोगों का मानना है, बहू के हत्याकांड को इतनी बेरहमी से वृद्ध सास अकेले अंजाम नहीं दे सकती है। इसलिए सनसनीखेज अंधे कत्ल के खुलासे को लेकर ग्राम पड़वार सहित क्षेत्र में कई तरह चर्चाओं का बाजार गर्म है। इन चर्चाओं में कितनी सत्यता है यह तो फिलहाल मृतका के ससुराल पक्ष के लोग और पुलिस ही बेहतर बता सकते हैं। अब देखना यह है कि पुलिस जांच में और कौन से नए तथ्य निकलकर सामने आते हैं।