मध्यप्रदेश के पन्ना में “हाथरस” जैसी वारदात सामने आई, लापता युवती का जंगल के नाला में अर्धनग्न अवस्था में मिला शव, तौलिया से गला घोंटकर निर्ममतापूर्वक की गई हत्या, बलात्कार की आशंका

0
1278
घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना मयंक अवस्थी।

*  पन्ना कोतवाली थाना अंतर्गत गुंदलहा नाला की घटना

*  मृतिका के परिचित युवक पर पुलिस को संदेह

*  आखिरी बार संदेही युवक से मृतिका की हुई थी बात

*  कॉल डिटेल के आधार पर विवेचना में जुटी पुलिस, जल्द हो सकता है खुलासा

पन्ना।(www.radarnews.in) हाथरस की निर्भया के लिए इंसाफ की मांग को लेकर देश भर में जबरदस्त उबाल और उग्र प्रदर्शन के बीच मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में भी एक बेटी को बड़ी ही दरिंदगी के साथ क़त्ल कर दिया गया। दहला देने वाली इस घटना का पता पांच दिन बाद शुक्रवार 2 अक्टूबर को युवती का शव जंगल में स्थित नाला में अर्धनग्न अवस्था में मिलने पर चला। युवती के गले में डली तौलिया में गांठ लगी मिलने और उसकी शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि, गला दबाकर बड़ी ही बेरहमी से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।
घटनास्थल का सघन निरीक्षण कर आवश्यक तथ्यों को दर्ज करते हुए पुलिस अधिकारी।
मृतिका के साथ बलात्कार होने के संबंध में फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। लेकिन युवती का शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने के कारण से रेप के बाद उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने भी इससे इंकार नहीं किया है, मगर युवती की मेडिकल रिपोर्ट और उसके कपड़ों की केमिकल जांच रिपोर्ट के आने पर ही घटना की सच्चाई का पता चलने की बात कही जा रही है। अंधे क़त्ल की इस सनसनीखेज वारदात के सामने आने पर पन्ना पुलिस ने मृतिका के परिचित युवक को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। आज सुबह इस जघन्य वारदात की खबर आने के बाद से बालिकाओं और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर लोग काफी आक्रोशित और चिंतित नजर आए।
घटनास्थलपर मौजूद आसपास रहने वाले ग्रामीणजन।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पन्ना कोतवाली थाना की पुलिस चौकी बराछ के अंतर्गत आने वाले ग्राम मड़ैयन में रहने वाली एक 20 वर्षीय युवती दिनांक 27 सितंबर की सुबह अपनी भतीजी से यह कहकर घर से निकली थी कि मैं थोड़ी देर से आती हूँ। काफी देर तक युवती जब वापस घर नहीं पहुंची तो चिंतित परिजनों ने गांव में ही उसकी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। अगले दिन 28 सितम्बर को युवती के भाई ने पुलिस चौकी बराछ में गुमशुदगी की सूचना दी। जिस पर पुलिस के द्वारा गम इंसान का मामला कायम किया गया। जवान बेटी के इस तरह अचानक लापता होने से चिंतित और परेशान परिजनों ने अपने स्तर पर खोजबीन लगातार जारी रखी। इस दौरान शुक्रवार 2 अक्टूबर की सुबह मड़ैयन गांव से करीब 5 किलोमीटर की दूरी पर जंगल में नाला के समीप युवती का शव अर्ध नग्न अवस्था में मिलने से परिजनों के होश उड़ गए। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। बराछ और पन्ना से पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना किया।
मामला बेहद संवेदनशील होने के मद्देनजर पन्ना से पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी भी घटनास्थल गुंदलहा नाला पहुंचे। युवती की मौत 5 दिन पूर्व होने की वजह उसका शव सड़ने के बाद गलने लगा था। युवती के सिर के बाल और शरीर की चमड़ी नाले के पानी के प्रवाह में लगातार बह रही थी। जंगल में मृतिका का शव अर्ध नग्न अवस्था में मिलने और गले में तौलिया बंधा होने से रेप के बाद गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पन्ना पुलिस की फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के क्षेत्र की डॉग स्क्वॉड से सर्चिंग कराई गई। पन्ना में पोस्टमार्टम कराने के बाद युवती के शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

परिचित युवक संदेह के घेरे में

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रारंभिक पुलिस जांच में पता चला है कि युवती ने घटना दिनांक 27 सितंबर को अपने पूर्व परिचित युवक से आखरी बार बात की थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। वहीं संदेही युवक के मोबाइल की लोकेशन भी घटनास्थल के आसपास पाई गई। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए संदेही युवक को हिरासत में ले लिया है। उससे घटना के संबंध में पूंछतांछ की जा रही है। साथ ही मृतिका और संदेही युवक के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल को खंगाला जा रहा है। वहीं मृतिका के गांव में दबी जुबान यह चर्चा है कि प्रेम प्रसंग के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पता चला कि युवती का विवाह तय हो चुका था और कुछ समय बाद उसकी शादी होनी थी। इस बीच रोंगटे खड़े कर देने वाली इस वारदात सामने आने से हर कोई हैरान है। वारदात की वजह को लेकर तमाम चर्चाओं के चलते पुलिस हर एंगल मामले की गहन जांच में जुटी है। ऐसी खबर मिल रही है कि पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा कर सकती है।

इनका कहना है –

“युवती की अंतिम बार जिस व्यक्ति से बात हुई थी उसकी लोकेशन घटना दिनांक को घटनास्थल के पास मिली है। हम घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहे हैं। फिलहाल मृतिका का गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। उसके साथ रेप होने के संबंध स्पष्ट तौर पता नहीं चल सका। मेडिकल जांच रिपोर्ट और मृतिका के कपड़ों की कैमिकल जांच उपरांत ही आधिकारिक तौर सच्चाई का पता चल सकेगा। इस केस का जल्द से जल्द खुलासा करने की दिशा में हमारे प्रयास जारी हैं।”

– मयंक अवस्थी, पुलिस अधीक्षक, पन्ना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here