चार दिन से लापता नवयुवक का जंगल में फाँसी के फंदे पर लटका मिला शव, अलग-अलग घटनाओं में तीन की मौत

0
1014
पन्ना जिला चिकित्सालय के बाहर मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम होने के इंतजार में बैठे शोक संतृप्त परिजन एवं पुलिसकर्मी।

* मर्ग कायम कर घटनाओं की जाँच में जुटी पुलिस

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के कोतवाली थाना पन्ना अंतर्गत ग्राम खजुरी कुड़ार से पिछले चार दिनों से लापता नवयुवक अंकित दुबे पुत्र शिवनारायण दुबे 22 वर्ष के मृत अवस्था में मिलने से परिवार में कोहराम मचा है। सघन खोजबीन के दौरान अंकित का शव रविवार शाम को जंगल में एक पेड़ के सहारे फाँसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। शव में कीड़े पड़ने से भीषण दुर्गंध उठ रही थी। प्रारम्भिक पुलिस जाँच के आधार पर मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। हालाँकि आत्महत्या की वजह पता नहीं चल सकी। सोमवार 8 जुलाई की सुबह शव का पन्ना में पोस्टमार्टम हुआ। पुलिस ने घटना पर मर्ग कायम कर प्रकरण की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। अंकित के परिजनों ने बताया कि बुधवार 3 जुलाई को वह किसी को बिना कुछ बताए घर से चला गया था। जवान बेटे की मौत से दुबे परिवार गहरे सदमे में है।

गाज गिरने से किसान का दुखांत

पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम झरकुआ निवासी कृषक धनीराम रैकवार 60 वर्ष की आकाशीय बिजली गिरने के कारण मौत हो गई। घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है। शव का पोस्टमार्टम कराने सोमवार को पन्ना पहुँचे रामभुवन रैकवार ने जानकारी देते हुए बताया कि उसके पिता धनीराम रैकवार रविवार को शाम के समय साईकिल से तारा से वापिस गाँव लौट रहे थे, रास्ते में हल्की बारिश के बीच अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं अजयगढ़ क़स्बा में जहरीले पदार्थ का सेवन करने से श्यामलाल कुशवाहा पुत्र सुखदेव कुशवाहा 44 वर्ष की मौत होने का मामला प्रकश में आया है। गंभीर हालत में श्यामलाल कुशवाहा को रविवार शाम जिला चिकित्सालय पन्ना में उपचार हेतु लाया गया था। जहाँ कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना को आत्महत्या बताया जा रहा है। लेकिन, फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि श्यामलाल कुशवाहा को किस कारण से आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा है। घटना पर मर्ग कायम कर पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here