क्राइम : पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर मामूली विवाद पर कर दी साथी की हत्या

0
1402
मृतक बाबू लोध।

* पन्ना जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र की घटना

पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सल्हाई में बीती रात शराबखोरी के दौरान दो युवकों के बीच मामूली सी बात पर विवाद हो गया। इससे नाराज एक युवक ने अपने साथी के ऊपर कुल्हाड़ी से जानलेवा प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई। धरमपुर थाना पुलिस ने इस घटना को लेकर आरोपी उद्री लोध पुत्र केशव लोध 32 के खिलाफ हत्या का मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्परता से दबिश देकर हत्यारोपी को दबोंच लिया है, लेकिन सामाचार लिखे जाने तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।
पन्ना में शव विच्छेदन गृह के बाहर मौजूद मृतक के परिजन।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाबू लोध पुत्र श्रीपाल लोध 35 वर्ष निवासी सल्हाई ने कथित तौर बुधवार 22 जुलाई को रात्रि में गांव के ही केशव लोध के साथ में जमकर शराबखोरी की। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार इसी दौरान रात्रि करीब 11 बजे गुटखा खाने को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। इससे नाराज केशव लोध ने अपने हम प्याले बाबू लोध के सिर पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। मध्य रात्रि में इस सनसनीखेज वारदात की खबर आते ही ग्राम सल्हाई सहित आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन घटना की सूचना पुलिस को दी गई। खोरा चौकी प्रभारी बी. एल. पाण्डेय ने घटनास्थल पर पहुंचकर वारदात के सम्बंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की। आज सुबह पंचनामा कार्रवाई एवं शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस घटना पर पुलिस ने उद्री लोध पुत्र केशव लोध 32 वर्ष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। जबकि मृतक बाबू के बड़े भाई भाई राम सिंह का आरोप है कि हत्या की वारदात को उद्री लोध, केशव लोध, गिरजा बाई और धीरज ने मिलकर अंजाम दिया है।

नवविवाहिता की ससुराल में संदिग्ध मौत

घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई में जुटी पवई थाना पुलिस एवं मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार पवई आस्था चढ़ार।
जिले के पवई थाना क्षेत्र के ग्राम करही में नवविवाहिता चाहना कुशवाहा पत्नी रामनिवास कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। चाहना दो दिन पूर्व ही मायके से ससुराल आई थी। उसकी मौत को लेकर ससुराल पक्ष की ओर से पुलिस को जानकारी दी गई कि गुरुवार 23 जुलाई की सुबह लगभग 5 बजे चाहना झाड़ू लगा रही थी तभी अचानक ईटों की कच्ची दीवार भर-भराकर उसके ऊपर गिर गई। दीवार के मलबे के नीचे दबने से चाहना की मौत हो गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पवई थाना प्रभारी एस. पी. शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर मृतिका के शव का बारीकी से मुआयना किया। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई और पन्ना से पुलिस की फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया।
उधर, बेटी की मौत होने की दुखद खबर मिलने मृतिका के पिता रतनलाल कुशवाहा चाचा एवं अन्य परिजन भी ग्राम जगनपुरा से करही पहुंचे। पीड़ित परिजनों का आरोप है चाहना की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। ससुराल पक्ष के लोग अपने अपराध को छिपाने के लिए इसे हादसे का रूप दे रहे। जबकि मृतिका के चेहरे, गले, कान पर मौजूद चोट के निशान और घटनास्थल की परिस्थितियां चींख-चींखकर यह बता रहीं है उनकी बेटी निर्ममतापूर्व हत्या की गई है।

मर्ग क़ायम कर जांच में जुटी पुलिस

उल्लेखनीय है कि ग्राम जगनपुरा निवासी चाहना का विवाह एक वर्ष पूर्व हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज़ की मांग को लेकर विवाह के बाद से उनकी बेटी को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया गया। चाहना के ऊपर दबाव बनाने के लिए उसे कानूनी रूप से तलाक देने की धमकी भी गई। वहीं ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को झूठा बताया है। आज बेहद संदिग्ध परिस्थितियों नवविवाहिता चाहना की मौत होने पर नायब तहसीलदार पवई आस्था चढ़ार की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई की गई। नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर फ़िलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर हर पहलू की बारीकी से जांच शुरू कर जल्द से जल्द प्रकरण की सच्चाई का पता लगाने की बात कही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here