मनरेगा को समाप्त कर भाजपा सरकार ने गरीब मजदूरों से रोजगार का अधिकार छीना: अनीस

0
20
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत पन्ना जिले के अजयगढ़ ब्लॉक अंतर्गत सिंहपुर चौराहा पर आयोजित जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन को जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीस खान ने संबोधित सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

*     मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत सिंहपुर चौराहा पर कांग्रेस का जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन संपन्न 

पन्ना।(www.radarnews.in)  मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना के द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत सिंहपुर ग्राम में रविवार 01 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने मनरेगा को समाप्त कर देश के करोड़ों गरीब मजदूरों से रोजगार का संवैधानिक अधिकार छीनने पर केंद्र की मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला। कांग्रेसियों ने मनरेगा को समाप्त करने के निर्णय को मोदी सरकार का घोर मजदूर विरोधी कदम करार दिया। श्रमिकों-मजदूरों परिवारों के हितों की रक्षा के लिए मनरेगा को बहाल कराने के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करने का शंखनाद किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पन्ना अनीस खान के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या कांग्रेस कार्यकर्ता-पदाधिकारियों और मनरेगा श्रमिकों ने सहभागिता की।

मजदूर विरोधी है मोदी सरकार

जिला कांग्रेस अध्यक्ष पन्ना अनीस खान ने धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि,मोदी सरकार ने मजदूरों को रोजगार की गारंटी देने वाले ऐतिहासिक कानून मनरेगा को खत्म कर देश के गरीबों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा जैसे मजबूत कानून को कमजोर करते-करते अब उसे समाप्त कर दिया गया है और उसके स्थान पर तथाकथित “व्हीबी-जी-रामजी” जैसी योजना लागू की गई है, जो न तो रोजगार की गारंटी देती है और न ही मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करती है। अनीस खान ने कहा, “एक तरफ मोदी सरकार अपने चुनावी वादे के अनुसार हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है, वहीं दूसरी ओर जो गरीब मजदूर मनरेगा के तहत काम पाकर किसी तरह अपने परिवार का पेट पाल रहे थे, उनसे भी रोजगार की गारंटी छीन ली गई है। यह सरकार साफ तौर पर मजदूर-विरोधी और घोर जनविरोधी है।” उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं बल्कि गरीबों के जीवन का सहारा और संविधान द्वारा प्रदत्त गरिमा का प्रतीक था, जिसे भाजपा सरकार ने अपने कॉरपोरेट-परस्त एजेंडे के तहत खत्म कर दिया।

पूंजीपतियों के लिए काम कर रही केंद्र सरकार

पन्ना विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी शिवजीत सिंह ने कहा कि “देश में महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी चरम पर है। ऐसे समय में रोजगार की गारंटी खत्म करना यह साबित करता है कि यह सरकार आम आदमी नहीं बल्कि चुनिंदा पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है।” विधानसभा प्रभारी पुष्पेन्द्र यादव ने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी मजदूरों, किसानों और बेरोजगार युवाओं के अधिकारों की इस खुली लूट को बर्दाश्त नहीं करेगी और सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने और हर जरूरतमंद को सम्मानजनक रोजगार दिलाने की लड़ाई जारी रखेगी।

इनकी रही उपस्थिति

धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से एडवोकेट राकेश गर्ग, संतोष मिश्रा संतु, उमेश तिवारी, हिम्मत बागरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजयगढ़ जगदीश यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धरमपुर रामबहोरी लोधी सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। इसके अलावा हसीब खान रिंकू, आकाश जाटव, उमाशंकर तिवारी, सुशील मिश्रा, राजबहादुर यादव, सचिन वर्मा, शाहरुख खान, उद्रेशी प्रसाद लोधी, ओंकार सिंह, विश्वनाथ यादव, कपूर सिंह यादव, सरदार सिंह यादव, इम्तियाज खान, सुरेंद्र सिंह आदिवासी, नदीम खान, दीपेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन व आम नागरिक उपस्थित रहे।