घोषणा | पन्ना जिले तक नर्मदा का जल लाने के होंगे प्रयास – शिवराज

0
957
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पन्ना जिले के गुनौर में जन दर्शन के दौरान उमड़ा जन सैलाब का अभिवादन करते हुए।

*     पन्ना जिले के गुनौर में मुख्यमंत्री के जनदर्शन में उमड़े नागरिक

*     677 करोड़ 49 लाख के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण, भूमिपूजन

*     सीएम बोले- रक्षा-बंधन के पूर्व लाड़ली बहनों को मिलेगा उपहार

*    गुनौर महाविद्यालय में विज्ञान कक्षाएँ शुरू होंगी, कन्या विद्यालय का होगा उन्नयन
*    क्षतिग्रस्त तालाब की मरम्मत और भितरी मुटमुरू बांध का निर्माण किया जाएगा

पन्ना। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पन्ना जिले के गुनौर क्षेत्र में नर्मदा जल लाने के लिए तकनीकी परीक्षण करवाया जाएगा। जिले के नागरिकों को नर्मदा मैया का पानी उपलब्ध कराया जायेगा। गुनौर के महाविद्यालय में विज्ञान की कक्षाएँ प्रारंभ की जाएंगी। साथ ही स्थानीय कन्या विद्यालय के उन्नयन की कार्यवाही भी की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान पन्ना जिले के गुनौर में जनदर्शन के पश्चात लाड़ली बहनों और नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने 677 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा ध्यान आकर्षित किए जाने पर कहा कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त तालाब की मरम्मत और भितरी मुटमुरू बांध निर्माण का कार्य किया जाएगा।

3 नगर परिषदों को एक-एक करोड़ रूपए

पन्ना जिले के गुनौर क़स्बा में लाड़ली बहना सम्मलेन एवं विकास कार्यों के भूमिपूजन-शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जन-कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जिले के गुनौर, अमानगंज और देवेन्द्रनगर नगरीय निकायों के विकास कार्यों के लिए एक-एक करोड़ रूपए की राशि दी जाएगी। विभिन्न मांग पत्रों और नागरिकों के सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। क्षेत्र में क्षतिग्रस्त तालाब की मरम्मत और बांध निर्माण का कार्य किया जाएगा।

पूर्व सरकार ने लगाया योजनाओं को पलीता

पन्ना जिले के गुनौर क़स्बा में आयोजित हुए लाड़ली बहना सम्मलेन एवं विकास कार्यों के भूमिपूजन-शिलान्यास कार्यक्रम में अपार विशाल जनसमूह उमड़ा।
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि पूर्व सरकार ने योजनाओं के क्रियान्वयन पर पलीता लगा दिया था। आज मध्यप्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिन-रात जनसेवा में लगे हैं। उन्होंने निर्धन तबके को नि:शुल्क राशन उपलब्ध करवाने का कार्य किया है। मध्यप्रदेश सरकार भी आम जनता के कल्याण के लिए सक्रिय है। यहाँ 600 करोड़ रूपए की राशि से घर-घर तक पाइप लाइन से पानी पहुंचाने का कार्य हुआ है। पूर्व सरकार द्वारा बैगा, सहरिया और भारिया परिवारों के लिए आहार अनुदान की राशि का भुगतान, बहनों को मिलने वाली 16 हजार रूपए की प्रसव सहायता राशि, कन्या विवाह योजना और तीर्थ-दर्शन योजना का क्रियान्वयन बंद कर दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बुजुर्गों को रेल ही नहीं प्लेन से भी तीर्थों के दर्शन करवा रही है।

बहनों को उपहार देने की तिथि आ रही है नजदीक

पन्ना जिले के गुनौर क़स्बा में आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली बहनों मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विशाल राखी भेंट की।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आगामी 30 अगस्त को रक्षा-बंधन पर्व है। बहनों को भाई का उपहार मिलने वाला है। आगामी 27 अगस्त को दोपहर 1.00 बजे महत्वपूर्ण फैसला लिया जाएगा। लाड़ली बहनों ने यहाँ पगड़ी पहनाकर मेरा स्वागत किया है, इनका सम्मान कभी कम नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि फूल बरसाकर स्वागत करने वाली लाड़ली बहनों की राह में कभी कांटे आने दिए जाएंगे। लाड़ली बहनों की जिन्दगी में कभी अंधेरा न आए, यह मेरा संकल्प है। राखी का कच्चा धागा स्नेह का प्रतीक है। बहनों की आँखों में आँसू नहीं रहने दूंगा। हम मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण का इतिहास बनाएंगे। लाड़ली लक्ष्मी योजना के बाद लाड़ली बहना योजना का क्रियान्वयन प्रारंभ किया गया है। बहनों का सम्मान इस योजना से बढ़ रहा है।
पन्ना जिले के गुनौर क़स्बा में आयोजित लाड़ली बहना सम्मलेन में मंचासीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं अन्य अतिथिगण।
मुख्यमंत्री ने बताया, लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार ने 15 हजार करोड़ रूपए का प्रबंध किया है। प्रयास यह है कि विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से बहनों की मासिक आमदनी 10 हजार रूपए तक हो जाए। प्रदेश में दुराचारियों के लिए कठोर सजा और फांसी तक के प्रावधान किए गए हैं। कार्यक्रम में खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, खजुराहो सांसद वी.डी.शर्मा, गुनौर से भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व विधायक राजेश वर्मा  और अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि, जनदर्शन में गुनौर के नागरिक मुख्यमंत्री श्री चौहान के स्वागत के लिए उमड़ पड़े। अनेक स्थानों पर मंच बनाकर मुख्यमंत्री का पुष्पहारों से स्वागत किया गया।

विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुनौर में 677 करोड़ 49 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 677 करोड़ 49 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। गुनौर विधानसभा क्षेत्र के लिए 677 करोड़ 49 लाख 46 हजार रूपये के 9 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें 60 करोड़ 17 लाख के 3 विकास कार्यों का लोकार्पण और 617 करोड़ 32 लाख 41 हजार रूपये के 9 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास शामिल है। इन कार्यों में 27-27 करोड़ के बिरवाही, देवेन्द्र नगर वितरण केन्द्र एवं पवई क्षेत्र के ग्राम सिमरिया में 132/33 केवी उप केन्द्रों का निर्माण और 6.17 करोड़ लागत का गुनौर बायपास मार्ग- लंबाई 3.30 कि.मी. शामिल है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिन विकास कार्यों के लिए भूमि-पूजन किया, उनमें 506 करोड़ 54 लाख की पवई व्यारमा समूह जल-प्रदाय योजना, 38 करोड़ से शासकीय उत्कृष्ट उमावि, गुनौर का पुनर्विकास कार्य, 31 करोड़ 70 लाख से उत्कृष्ट उमावि ककरहटी का पुनर्विकास, 27 करोड़ 65 लाख की गुनौर की अमृत 2.0 जल-प्रदाय योजना, 12 करोड़ 63 लाख 41 हजार रूपये की लागत से शाहनगर में नवीन शासकीय आईटीआई का निर्माण और 80 लाख से गुनौर नगर परिषद के कार्यालय भवन का निर्माण शामिल है।

सीएम के समक्ष पूर्व विधायक राजेश ने रखी अनेक मांगें

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन के दौरान गुनौर सीट से भाजपा के उम्मीदवार राजेश वर्मा दोनों हाथ जोड़कर कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का अभिवादन करते हुए नजर आए।
पूर्व विधायक राजेश वर्मा ने गुनौर विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़ी अनेक मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कन्याओं और लाड़ली बहनों का पूजन तथा दीप प्रज्ज्वलन कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को एक बड़ी राखी भेंट की। लाड़ली बहनों ने भी शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित पोस्टर को मुख्यमंत्री के सामने प्रदर्शित किया। स्कूल एवं कॉलेज की छात्राओं द्वारा श्री चौहान को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। सम्मेलन में पवई विधायक प्रहलाद सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे, पूर्व विधायक गोरेलाल अहिरवार, नगर परिषद गुनौर की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिंह, मलखान सिंह, पूर्व विधायक गुनौर महेन्द्र सिंह बागरी, सतानंद गौतम, पूर्व विधायक उमेश शुक्ला, जयप्रकाश चतुर्वेदी, रामबिहारी चौरसिया, रामअवतार पाठक, अमानगंज नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरिता खटीक, देवेन्द्रनगर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवांगी गुप्ता, सर्वश्री सुशील त्रिपाठी, मदनमोहन शांडिल्य, दशरथ गुप्ता, अमिता बागरी, गिरधारी चौधरी, धर्मेन्द्र अवधिया, हीरालाल पटेल, दीपक शर्मा, हरेन्द्र त्रिपाठी, मदनमोहन पाण्डेय, प्रशांत चतुर्वेदी आदि उपस्थित थे।