मंत्री बनने के बाद बृजेन्द्र प्रताप का पन्ना आगमन आज, समर्थकों ने की स्वागत की भव्य तैयारी

0
2099
मंत्री, बृजेन्द्र प्रताप सिंह।

* सिमरिया के रास्ते गृह जिले में करेंगे प्रवेश

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश शासन के मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह बुधवार 8 जुलाई को भोपाल से प्रस्थान कर पन्ना आएंगे। उनका कार्यक्रम जिला प्रशासन को प्राप्त हो चुका है। इस सम्बंध में दी गई जानकारी के अनुसार मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिमरिया के रास्ते पन्ना जिले में प्रवेश करेंगे। मंत्री बनने के बाद श्री सिंह के गृह जिले में प्रथम आगमन को लेकर उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में आपार उत्साह देखा जा रहा है। सिमरिया से लेकर पन्ना तक समर्थकों ने उनके स्वागत की भव्य तैयारियां की हैं। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाये और फ्लैक्स लगाए गए हैं। कई जगह कलश दीपों से भी उनका परम्परागत तरीके से स्वागत किया जायेगा। मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के सिमरिया से होते हुए पन्ना आगमन को लेकर उनके पुराने निर्वाचन क्षेत्र पवई विधानसभा के कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों में ख़ुशी की लहर व्याप्त है। बुधवार को मंत्री श्री सिंह के स्वागत के लिए पवई विधानसभा क्षेत्र के लोगों के सिमरिया क़स्बा में बड़ी संख्या में जुटने की सम्भावना जताई जा रही है।
कार्यक्रम के अनुसार 8 जुलाई को दोपहर में 1:30 मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिमरिया पहुंचेंगे और फिर वे सिमरिया में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इनमें सिमरिया तिराहा, रेस्ट हाउस, श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर, पुरैना रोड, देवरा रोड, तिघरा मोड, चिखला मंदिर, निवारी गेट एवं रैकरा गेट में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। अपरांह 2 बजे सिमरिया से प्रस्थान कर अपरांह 2:30 बजे अमानगंज आएंगे। यहां आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद अपरांह 3 बजे अमानगंज से पन्ना के लिए प्रस्थान कर अपरांह 3:30 बजे पन्ना आएंगे। मंत्री श्री सिंह स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे रात्रि विश्राम पन्ना में ही करेंगे। गृहनगर और निर्वाचन क्षेत्र पन्ना में मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के स्वागत को लेकर यहां के लोगों के उत्साह का अंदाजा जगह-जगह लगे फ्लैक्स और स्वागत द्वार को देखकर ही लगाया जा सकता है। अपने विधायक को मंत्री बनाये जाने से पन्ना के लोग काफी खुश हैं। लोगों को यह उम्मीद है कि पन्ना के विकास को लेकर जो घोषणाएं पूर्व में की गईं थीं बृजेन्द्र प्रताप उन्हें प्राथमिकता से पूरा कराकर अति पिछड़े इस क्षेत्र और जिले के विकास को गति प्रदान करने का काम करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here