
* प्रेसवार्ता में आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ने दी जानकारी
* पन्ना में रेत के बेतहाशा अवैध उत्खनन और नयापुरा-मुड़िया पहाड़ का मुद्दा उठाएगी “आप”
* पार्टी की जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से हुआ पुनर्गठन
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश में सरकार के भविष्य के लिहाज से निर्णायक माने जा रहे विधानसभा के उप चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशी नहीं उतारे हैं। प्रदेश में सत्ता की धुरी बने दोनों प्रमुख दल भाजपा और कोंग्रेस के नेता उप चुनाव के अंतिम समय में जीत के लिए जहां रात-दिन पसीना बहा रहे हैं वहीं आम आदमी पार्टी का नेतृत्व इस चुनावी मुकाबले से दूर प्रदेश में अपने संगठन के निर्माण में जुटा है। इसी उद्देश्य से आप के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह शुक्रवार 23 अक्टूबर को एक दिवसीय प्रवास पर पन्ना पहुंचे। जहां उन्होंने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर सर्व सम्मति से जिला कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया।
पन्ना की इन्द्रपुरी कॉलोनी स्थित एवर शाइन गार्डन में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के पश्चात आप के प्रदेशाध्यक्ष पंकज सिंह पत्रकारों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने बताया कि इन दिनों समूचे मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी के संगठन के निर्माण का कार्य चल रहा है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए वार्ड स्तर तक कमेटियों का गठन किया जा रहा है। आम नागरिकों को पार्टी से जोड़ने के लिए उनकी समस्याओं और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए संघर्ष किया जाएगा। प्रदेश संयोजक श्री सिंह ने बताया कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में आगामी समय में होने वाले नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। इसके लिए अभी से आवश्यक तैयारियां की जा रहीं। वार्डों और पंचायत क्षेत्र की समस्याओं को चिन्हित करने और विकास कार्यों में हुई धांधली की जानकारी आरटीआई के माध्यम से जुटाने के निर्देश पार्टी कार्यकर्ताओं दिए हैं।
प्रदेश में हुई लोकतंत्र की हत्या
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पंकज सिंह ने वर्तमान में जारी विधानसभा के उप चुनावों से जुड़े सवाल के जवाब में कहा कि मध्यप्रदेश में लोकतंत्र की हत्या हुई है। लोकतंत्र की जिनकी आस्था है वह हार चुकी है। कोंग्रेस की चलती हुई सरकार को अस्थिर कर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सरकार को बनाने के लिए जो हथकंडे अपनाए हैं वे संसदीय लोकतंत्र के लिए घातक है। कोंग्रेस के विधायकों ने पाला बदलकर मतदाताओं के जनादेश को भाजपा को बेंचने अथवा गिरवी रखने का काम किया है। सत्ता की हवस के लिए आमजनता पर उप चुनाव थोपने के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ कोंग्रेस भी जिम्मेदार है। इसलिए इन दोनों ही पार्टियों को सबक सिखाने की जरुरत है।
श्री सिंह ने कहा, आम आदमी पार्टी प्रदेश के मतदाताओं को बेहतर विकल्प देने के लिए संकल्पित है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की तीसरी बार सरकार बनने से स्पष्ट है कि हम एक बेहतर विकल्प बनकर नागरिकों की सेवा कर सकते हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली ने सड़क-बिजली-पानी-स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में विकास का जो अनोखा मॉडल प्रस्तुत किया है उसकी चर्चा संयुक्त राष्ट्र संघ तक है। दिल्ली के विकास के मॉडल की सफलता को देखने के लिए विदेशों से लोग वहाँ आये हैं।
रेत की लूट के खिलाफ उठाएंगे आवाज़
