मंदिरों व सूने घरों में चोरी करने वाले कुख्यात गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार

0
261
शातिर चोर गिरोह को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद करने की जानकारी पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू (मध्य में) द्वारा पत्रकारों को दी गई।

*    पन्ना पुलिस ने किया 19 चोरियों का खुलासा करने का दावा

*    मंदिरों से चुराए गए सोने-चांदी के आभूषण समेत 30 लाख का सामान बरामद

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले सहित आसपास के जिलों में मंदिरों और सूने घरों में हुई चोरी की घटनाओं का पन्ना पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, इन वारदातों को अंजाम देने वाले एक कुख्यात चोर गिरोह के सात शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इसकी जानकारी शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने पुलिस कांफ्रेंस हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बीते कुछ समय से जिले के विभिन्न मंदिरों से सोने-चांदी के छत्र एवं बहुमूल्य आभूषणों की चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं, जिससे आमजन की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची थी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर देवेन्द्रनगर क्षेत्र स्थित पटेल ढाबा के पास से सात संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में संदेह गहराने पर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने मंदिरों एवं सूने घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पन्ना जिले में 11 सहित कुल 19 चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है। इन घटनाओं में पन्ना के अलावा सतना और कटनी जिले भी शामिल हैं।

नकदी समेत आभूषण हुए बरामद

मंदिरों व सुने घरों में चोरी करने वाले गिरोह के कब्जे जब्त सोने-चांदी की आभूषण, नकदी रुपए और अन्य सामान।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामग्री में मंदिरों से चोरी किए गए चांदी के छत्र, मुकुट, भगवान के गहने, चांदी के बर्तन शामिल हैं, जिनका कुल वजन करीब 2.5 किलो बताया गया है। इसके अलावा चोरी किए गए आभूषणों को गलाकर तैयार की गई करीब 2.5 किलो कच्ची चांदी भी जब्त की गई है।पुलिस ने यह भी दावा किया है कि आरोपियों के पास से 2 लाख 58 हजार 200 रुपये नकद, चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त कुल चार मोटरसाइकिल, छह कटर तथा आरोपियों द्वारा उपयोग किए जा रहे आठ मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

जमानत पर रिहाई के बाद करने लगे थे चोरी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी चोरी और लूट की घटनाओं में जेल जा चुके हैं और जमानत पर रिहा होने के बाद फिर से सक्रिय हो गए थे। पुलिस का कहना है कि थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर उपनिरीक्षक संतोष यादव एवं थाना प्रभारी सलेहा उपनिरीक्षक बलबीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इस शातिर गिरोह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल, वाहन, औजार और अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस का दावा है कि गिरोह द्वारा अन्य जिलों में भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की संभावना है, जिनके संबंध में पूछताछ जारी है।

पुलिस के हत्थे चढ़े ये आरोपी

पन्ना पुलिस द्वारा पकड़े गए शातिर चोर गिरोह में शैलेन्द्र चौबे, वीरेन्द्र चौबे उर्फ बीरू एवं धीरेन्द्र चौबे उर्फ धीरू तीनों निवासी ग्राम फुलदरी थाना देवेन्द्रनगर जिला पन्ना, ह्रदेश उर्फ हिरदेश लखेरा निवासी ग्राम बंधूर, विष्णुकांत सोनी निवासी ग्राम गंज, थाना सलेहा जिला पन्ना, कुन्जीलाल चौधरी निवासी बिरसिंहपुर और सुरेन्द्र सोनी निवासी इटांय थाना पवई, जिला पन्ना शामिल हैं।

इन चोरियों का हुआ खुलासा

पन्ना पुलिस टीम की अभिरक्षा में शातिर चोर गिरोह के सात सदस्य।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी अनुसार पन्ना जिले की जिन 11 चोरियों का खुलासा हुआ है उनमें- राजा दहार मंदिर (देवेन्द्रनगर), जगदीश स्वामी मंदिर (पवई), श्री हनुमान मंदिर ककरहा (देवेन्द्रनगर), चमरैया मंदिर (रैपुरा), ग्राम भितरी मुटमुरू (थाना सलेहा) का रहवासी घर, अमानगंज वार्ड क्रमांक 9 का रहवासी घर, इण्डेन गैस एजेंसी (देवेन्द्रनगर), ग्राम गंज (थाना सलेहा) का रहवासी घर, खेरे पेटेरे मंदिर (शाहनगर), ग्राम पटना तमोली (थाना सलेहा) का रहवासी घर तथा देवेन्द्रनगर कस्बे की एक अनाज दुकान में हुई चोरी शामिल है। कटनी जिले के ग्राम झर्रा टिकुरिया थाना रंगनाथनगर, हनुमान मंदिर थाना कुठला एवं हनुमान मंदिर बाबा घाट थाना कोतवाली कटनी में हुई चोरी का खुलासा हुआ है। इसके अलावा सतना जिले में आरोपियों ने खेरमाई माता मंदिर, जगतदेव तालाब स्थित शिव मंदिर, हनुमान मंदिर पतेरी, ग्राम इटमा थाना उचेहरा का रहवासी घर तथा रेलवे कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।