* लौह पुरुष की आदमकद प्रतिमा, सोने के स्तूप के साथ ऐतिहासिक धरोहरों के होंगे दर्शन
* नगर में भव्य स्वागत की तैयारी, मोहन राज विलास में आयोजित होगा मंचीय कार्यक्रम
शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता एवं समरसता रथयात्रा सोमवार 30 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे पन्ना नगर में पहुंचेगी। गुजरात से प्रारंभ हुई यह यात्रा मध्य प्रदेश में कई जिलों से होते हुए पन्ना आ रही है, जिसका उद्देश्य राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, भाईचारा और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। रथ में भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की आदमकद प्रतिमा स्थापित है, जो आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके साथ ही रथ में सरदार पटेल से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरें जैसे उनके कारावास काल की टिफिन पेटी, राजाओं द्वारा दिए गए रियासतों के विलीनीकरण पत्र, चरण पादुका तथा तीन किलोग्राम सोने का स्तूप भी आम लोगों के दर्शनार्थ रखे गए हैं।
नगर के मुख्य मार्गों से निकलेगी रथयात्रा
कुर्मी क्षत्रिय समाज के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता राम भगत पटेल एवं पन्ना जिलाध्यक्ष रंजोर सिंह पटेल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि पन्ना में सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता-समरसता रथयात्रा के स्वागत की भव्य तैयारियां की गई हैं। नगर के प्रमुख चौराहों पर पुष्प वर्षा, फूल-मालाओं और आतिशबाजी से जोरदार स्वागत किया जाएगा। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं तथा फ्लैक्स और बैनर भी लगाए गए हैं। सोमवार को दोपहर 12 बजे रथ यात्रा के पन्ना नगर में प्रवेश करने पर सतना नाका तिराहा पर सत्यम पैलेस के सामने पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों से भव्य स्वागत किया जाएगा। तदुपरांत रथ यात्रा डायमंड चौक, बीटीआई तिराहा, कोतवाली चौराहा, छत्रसाल पार्क, बलदेव मंदिर चौक, बड़ा बाजार, अजयगढ़ चौराहा, गांधी चौक और बाबा बादशाह साईं चौराहा से होते हुए होटल मोहन राज विलास पहुंचेगी, जहां विशाल मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सर्व समाज के अध्यक्षों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। मंचीय कार्यक्रम में खेल, कला, साहित्य, विज्ञान और शौर्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
सर्व समाज से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील






