शराब तस्करी मामले में फरार कांग्रेस से निलंबित नेता अजयपाल गिरफ्तार, भेजा गया जेल

0
271

*   पुलिस का दावा: महंगे शौक और पैसों के लालच में किया अवैध शराब परिवहन

पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपी एवं पूर्व कांग्रेस नेता अजयपाल लोधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार शराब तस्करी के मामले में अजयपाल मुख्य आरोपी है। सिमरिया थाना में उसके और अन्य के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 8 मार्च 2026 को मोहन्द्रा क्षेत्र के ग्राम रीछी के पास एक बलेनो कार एमपी 35-ZA-5906 से 8 पेटी अवैध शराब बरामद की गई थी। इस दौरान वाहन को भी जब्त किया गया था और मामले में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना के बाद से कार का मालिक मुख्य आरोपी अजयपाल लोधी पुत्र हरवंश लोधी 36 वर्ष निवासी ग्राम बड़खेरा थाना सिमरिया फरार चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि लगातार तलाश और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी अजयपाल को सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है, पूछताछ के दौरान आरोपी ने ऐशो-आराम भरी जिंदगी जीने की चाहत और पैसों के लालच में शराब तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपी की गिरफ्तारी में मोहन्द्रा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दीपक भदौरिया के नेतृत्व वाली पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा। उल्लेखनीय है कि अजयपाल लोधी के विरुद्ध आबकारी एक्ट का मामला पंजीबद्ध होने की खबर आने के बाद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सिमरिया मुकेश चौरसिया ने उसे पार्टी से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।