“शराब दुकानों के दो समूह 47 करोड़ 62 लाख में नीलाम, आरक्षित मूल्य से 10 करोड़ अधिक की बोली”

0
56

*     ई-टेंडर कम ऑक्शन में पन्ना जिले के बृजपुर व शाहनगर समूहों पर लगी ऊंची बोली

*     चार समूहों में से दो का निष्पादन, सलेहा और मोहन्द्रा के लिए नहीं मिले टेंडर

*     गुनौर, पवई और अजयगढ़ समूह का अगले चरण में 5 मार्च को होगा निष्पादन

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) नवीन आबकारी नीति वर्ष 2026-27 के अंतर्गत पन्ना जिले में शराब दुकान समूहों के निष्पादन की प्रथम चरण की प्रक्रिया मंगलवार 3 मार्च को कलेक्टर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। ई-टेंडर कम ऑक्शन प्रक्रिया के तहत दो समूह अपने निर्धारित आरक्षित मूल्य से 10 करोड़ 21 लाख 65 हजार 445 रुपए अधिक पर निष्पादित हुए। दोनों समूहों के लिए कुल सर्वोच्च बोली 47 करोड़ 62 लाख रुपए से अधिक रही।
प्रथम चरण में चार समूह- बृजपुर, मोहन्द्रा, सलेहा और शाहनगर को शामिल किया गया था। ई-टेंडर कम ऑक्शन प्रक्रिया में सलेहा और मोहन्द्रा समूह में कोई टेंडर प्राप्त नहीं हुआ। वहीं बृजपुर समूह में ई-टेंडर के तहत 3 तथा ई-टेंडर कम ऑक्शन में 6, कुल 9 टेंडर प्राप्त हुए। शाहनगर समूह में ई-टेंडर में 1 तथा ई-टेंडर कम ऑक्शन में 3, कुल 4 टेंडर प्राप्त हुए।
बृजपुर 40 और शाहनगर 17 % अधिक में नीलाम
बृजपुर समूह का आरक्षित मूल्य 16 करोड़ 39 लाख 85 हजार 562 रुपए निर्धारित था, जिसके विरुद्ध 23 करोड़ 4 लाख 99 हजार 999 रुपए की सर्वोच्च बोली प्राप्त हुई, जो आरक्षित मूल्य से लगभग 40.56 प्रतिशत अधिक है। इसी प्रकार शाहनगर समूह का आरक्षित मूल्य 21 करोड़ 1 लाख 48 हजार 990 रुपए था, जिसके विरुद्ध 24 करोड़ 57 लाख 99 हजार 999 रुपए की सर्वोच्च बोली लगी, जो लगभग 17 प्रतिशत अधिक है। इस प्रकार दोनों समूह आरक्षित मूल्य से उल्लेखनीय वृद्धि के साथ निष्पादित हुए। आधिकारिक जानकारी के अनुसार दोनों समूहों को आबकारी विभाग के वर्तमान लाइसेंसी ठेकेदार आशीष शिवहरे ने सर्वाधिक बोली लगाकर आगामी वित्तीय वर्ष के लिए पुनः प्राप्त किया।

कलेक्टर-एसपी रहीं उपस्थित

निष्पादन प्रक्रिया के दौरान जिला निष्पादन समिति की अध्यक्ष कलेक्टर श्रीमती ऊषा परमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू तथा पदेन सचिव जिला आबकारी अधिकारी मुकेश कुमार मौर्य, सहायक जिला आबकारी अधिकारी विवेक त्रिपाठी, आबकारी उप निरीक्षक मुकेश पाण्डेय, हरीश पाण्डेय एवं विक्रांत जैन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। द्वितीय चरण की प्रक्रिया 5 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। इस चरण में गुनौर, पवई और अजयगढ़ समूहों का निष्पादन ई-टेंडर कम ऑक्शन की ऑनलाइन प्रक्रिया से किया जाएगा। गुनौर समूह का आरक्षित मूल्य 23 करोड़ 13 लाख 46 हजार 307 रुपए, पवई समूह का 27 करोड़ 14 लाख 54 हजार 821 रुपए तथा अजयगढ़ समूह का 22 करोड़ 4 लाख 65 हजार 254 रुपए निर्धारित किया गया है। प्रथम चरण में प्राप्त प्रतिस्पर्धी बोलियों से जिले को राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।