
* गरीब आदिवासी महिला की बेशकीमती जमीन हड़पने का बहुचर्चित मामला
पन्ना।(www.radarnews.in) सुनियोजित षड्यंत्र कर गरीब आदिवासी महिलाओं की बेशकीमती जमीन हड़पने के बहुचर्चित मामले में न्यायिक अभिरक्षा पर जिला जेल पन्ना में बंद कांग्रेस नेता श्रीकांत उर्फ पप्पू दीक्षित को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। विशेष न्यायाधीश के आदेश पर कोतवाली थाना पुलिस ने पप्पू को दो दिन की रिमांड पर लिया है। इधर, कांग्रेस नेता को आपराधिक मामले में बचाने के लिए फरियादी महिला को धमकाने तथा समझौता करने का दबाव डालने के आरोप पुलिस ने पप्पू के करीबी सहयोगी एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति रैय्यासांटा के प्रबंधक सतीश श्रीवास्तव को गिरफ्तार न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कथित रूप से सतीश प्लाटिंग के कारोबार में पप्पू दीक्षित का पार्टनर (साझीदार) है। उक्त दोनों घटनाक्रम नगर में चर्चा का विषय रहे।
उल्लेखनीय है कि, जिला मुख्यालय पन्ना से सटे ग्राम मनौर में स्थित स्व. जगोला आदिवासी की बेशकीमती कृषि भूमि को हड़पने के मामले कोतवाली थाना पुलिस ने खनिज ठेकेदार एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महामंत्री पप्पू उर्फ श्रीकांत दीक्षित को पिछले माह 15 जनवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा दिया था। जिला जेल पन्ना में दाखिल होते ही पप्पू की बिगड़ गई थी। उसी रात जेल से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। ड्यूटी डॉक्टर ने परीक्षण करने के बाद उसे भर्ती कर लिया था। जिला अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान तबियत बिगड़ने पर बेहतर इलाज हेतु मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया गया था। जहां से दो दिन पूर्व गुरुवार 12 जनवरी की देर शाम उसे वापस पन्ना जिला जेल लाया गया था। पन्ना पहुंचने पर शनिवार की सुबह जिला जेल में डॉक्टरों ने पप्पू का स्वास्थ्य परीक्षण किया। कुछ घंटे बाद उसे विशेष न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे दो दिन के रिमांड पर पुलिस सौंप दिया। रिमांड के दौरान कोतवाली थाना पुलिस जमीन हड़पने के षड्यंत्र को लेकर विस्तृत पूछताछ करने के साथ प्रकरण से जुड़े आवश्यक साक्ष्यों को जब्त कर सकती है।


खनिज ठेकेदार पप्पू दीक्षित को बचाने के लिए वेबा आदिवासी महिला को कथित तौर पर धमकाने और समझौता करने का दबाव डालने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति रैय्यासांटा के प्रबंधक सतीश श्रीवास्तव को गिरफ्तार न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पन्ना भेज दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद से सतीश की पप्पू से करीबी चर्चा में आ गई है। दमोह जिले के गैसाबाद निवासी सतीश श्रीवास्तव की ससुराल पन्ना पुराना आरपी स्कूल के पास है। ससुराल पक्ष की बेशकीमती जमीन विटनरी हॉस्पिटल के पास स्थित है। इस जमीन से जुड़े विवादों को सुलाझने में कथित तौर पर सतीश और उसके साले प्रमोद खरे ने पप्पू की मदद ली थी। जिसके बाद उक्त भूमि की प्लाटिंग कर आवासीय भूखंड बेचे गए। अपुष्ट चर्चा है, उक्त प्लाटिंग में सतीश व उसके साले प्रमोद ने मदद के एवज में पप्पू को 30 फीसदी की हिस्सेदारी दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सतीश अपने साझीदार को आपराधिक मामले से बचाने के लिए आदिवासी वृद्धा पर दबाव बना रहा था कि, कैमरे के सामने बोल दो कि दोनों बेटियां तुम्हारी नहीं हैं।

