दुखद घटना: गृह कलह ने उजाड़ दिया परिवार, जहर खाकर युवक ने की आत्महत्या, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

0
350
पन्ना विच्छेदन गृह में पोस्टमार्टम के बाद शव को शासकीय शव वाहन से जिजगांव ले जाया गया।

*      पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र के जिजगांव की घटना

*      विवाद के बाद तीनों बच्चों को लेकर पत्नी के मायके जाने से दुखी था रतिराम

पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के जिले के जिजगांव से सामने आई एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। पारिवारिक कलह और लंबे समय से चले आ रहे मानसिक तनाव से टूट चुके एक युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए जहर खाकर अपनी जान दे दी। इस घटना ने न सिर्फ एक घर का चिराग बुझा दिया, बल्कि तीन मासूम बच्चों को हमेशा के लिए पिता के साए से वंचित कर दिया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रतिराम चौधरी पिता दरबरिया चौधरी)के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रतिराम और उसकी पत्नी मनीषा निवासी गुनौर के बीच बीते करीब एक वर्ष से पारिवारिक विवाद चल रहा था। हाल के दिनों में विवाद बढ़ने पर पत्नी अपने तीनों बच्चों- प्रियंका (9), रश्मि (12) और ऋषि (7) को लेकर मायके चली गई थी। इसके बाद से रतिराम गहरे तनाव में रहने लगा था।
बताया गया कि घटना वाले दिन रतिराम काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला। जब परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने दरवाजा खोला, जहां वह बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे तुरंत अमानगंज स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान शनिवार 7 फरवरी को रतिराम ने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक तौर पर जहर सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है। मृतक के भाई गेंदा लाल ने बताया कि रतिराम पहले भी मानसिक तनाव के चलते आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास कर चुका था, लेकिन तब उसकी जान बच गई थी। रतिराम मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है और तीनों मासूम बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है।
पन्ना में पोस्टमार्टम के दौरान शव विच्छेदन गृह के बाहर बैठे शोक संतृप्त परिजन।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। हर आंख नम है और हर जुबान पर बस यही सवाल है कि पारिवारिक विवादों का यह दर्दनाक अंत क्यों हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सभी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here