एमपी में 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों का वैक्सीनेशन 5 मई से

0
700
कोविड-19 की रोकथाम एवं व्यवस्थाओं के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिग द्वारा कोविड कोर ग्रुप की बैठक को संबोधित करते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।

*    निर्धारित दर से अधिक में जाँच के प्रकरणों में हो कठोर कार्रवाई

*    मुख्यमंत्री ने कोविड-19 की रोकथाम एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 18 से 45 वर्ष के व्यक्तियों के नि:शुल्क वैक्सीनेशन का कार्य पाँच मई से प्रारम्भ होगा। वैक्सीनेशन के लिए 5 करोड़ 29 लाख डोजेस की संभावित आवश्यकता के दृष्टिगत दोनों वैक्सीन निर्माताओं को क्रय आदेश जारी किए गए हैं। वैक्सीनेशन के लिए डोजेस की जल्द से जल्द आपूर्ति के लिए आयात की संभावनाओं का भी परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का वैक्सीनेशन कार्य यथावत जारी रहेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मुख्यमंत्री निवास से कोविड-19 की रोकथाम एवं व्यवस्थाओं के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिग द्वारा कोविड कोर ग्रुप की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि ग्रामीण अंचल में होम आइसोलेशन व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। पंचायत ग्रामीण विकास, वन, स्वास्थ्य विभाग का अमला और स्थानीय जन-प्रतिनिधि समन्वय और सामंजस्य बना कर व्यवस्था को पुख्ता करें। घर पर आइसोलेशन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव होने पर संक्रमित व्यक्ति को कोविड केयर सेंटर में स्थान्तरित किया जाए। आवश्यकता होने पर वाहन की व्यवस्था भी की जा सकती है। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी जाँचे निर्धारित दरों पर हों, इस व्यवस्था को कड़ाई के साथ लागू करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि निर्धारित दर से अधिक मूल्य के मामलों में कठोर कार्यवाही की जाए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बैठक में बताया गया कि प्रदेश में नये पॉजिटिव 12 हजार 72 मामले आए है। स्वस्थ होने वालों की संख्या 13 हजार 408 है। इनमें से 1505 विभिन्न चिकित्सालयों से 706 कोविड केयर सेंटर से और 11 हजार 197 होम आइसोलेशन में स्वस्थ्य हुए हैं।